Thursday, October 20, 2011

Gujrat Police: Ahemdabad: विदेशी प्रेमी जोड़े से परेशान गुजरात पुलिस, प्रेमी जेल में, प्रेमिका करती है विदेश से बार बार फोन..

अहमदाबाद। अंतरराष्ट्रीय वीजा घोटाले में गिरफ्तार नाईजीरियन के प्रांतीय राजकुमार इरापोमो इरादरी की क्राइम के साथ प्रेम कहानी भी हॉलीवुड फिल्मों के प्लॉट जैसी ही है। लगभग सभी यूरोपियन देशों में घूमते-फिरते रहने वाले इरापोमो की इन सभी देशों में गर्लफ्रैंड्स हैं। इसमें से एक मलेशियन सुंदरी जीन ने तो अहमदाबाद पुलिस तक को हिलाकर रख दिया है। दरअसल इन दिनों इरापोमो अहमदाबाद की साबरमती जेल में बंद है और गर्लफ्रैंड जीन उससे मिलना चाहती है। इतना ही नहीं जीन जमानत पर इरापोमो को रिहा करवाकर उसके साथ अहमदाबाद में ही स्थायी हो जाने की बात भी कर रही हैं। जीन ने यह बात फोन पर अहमदाबाद पुलिस से कही है।
इरापोमो की हाल ही में क्राइम ब्रांच ने 90 लाख रुपए के वीजा घोटाले के आरोप में गिरफ्तार किया है। अत्यंत वैभवशाली जीवन जीने वाले इस 'प्रिंस के नखरे पुलिस भी उठा रही है। दरअसल ये रोज चार पैकेट क्लासिक माइल्ड सिगरेट और दो समय नॉनवेज खाने की मांग करते हैं। हालांकि क्राइम ब्रांच दो बार नॉनवेज की पूर्ति तो कर नहीं सकती लेकिन सिगरेट तो पिला ही देती है। सोमवार को रिमांड की कार्रवाई पूरी होने के बाद क्राइम ब्रांच के इंस्पेक्टर परेश सोलंकी के मोबाइल पर मलेशिया से एक फोन आया। फोन करने वाली एक लड़की थी, जो अंग्रेजी में बात कर रही थी। इंस्पेक्टर ने लड़की को फोन पर बताया कि इरापोमो की रिमांड पूरी हो चुकी है और उसे अब जेल भेजा जा रहा है। यह बात सुनते ही जीन फोन पर ही रो पड़ी। रोते हुए उसने इंस्पेक्टर से कहा कि वह इरापोमो से मिलना चाहती है। लेकिन नाइजीरिया की इंडियन एंबेसी ने उसे वीजा देने से मना कर दिया है। जीन ने कहा कि वह किसी भी कीमत पर अहमदाबाद आकर इरापोमो को रिहा कराना चाहती है। हालांकि जीन की इस समस्या का हल तो इंस्पेक्टर के पास था नहीं। जीन सोमवार को फिर से नाइजीरिया की इंडियन एम्बसी में इंडिया के वीजा के लिए निवेदन करने जाएंगी। वे अहमदाबाद आकर जीन को जमानत पर रिहा करवाना चाहती हैं। इसके साथ ही उनका यह भी कहना है कि अहमदाबाद आकर वे इरापोमो के साथ यहीं बस जाएंगी।

No comments:

Post a Comment