Friday, September 16, 2011

Bihar Police: Patna: नालंदा लाठीचार्ज मामले में थानाध्यक्ष सहित 41 पुलिसकर्मी लाइनहाजिर...

बिहार के नालंदा जिले में नूरसराय थाना परिसर में बुधवार को महिलाओं सहित पुरुषों पर बर्बर लाठीचार्ज के मामले में पुलिस मुख्यालय ने थानाध्यक्ष सहित 41 पुलिसकर्मियों को शुक्रवार को हटा दिया।

पटना से मामले की जांच करने पहुंचे पुलिस मुख्यालय के अपर महानिदेशक राजवर्धन शर्मा ने 14 सितंबर को नूरसराय थाना परिसर में चंडासी गांव की महिलाओं सहित ग्रामीणों पर बर्बर लाठीचार्ज के मामले में थानाध्यक्ष अवधेश कुमार सिंह सहित 41 पुलिसकर्मियों को लाइनहाजिर कर दिया।


शर्मा ने संवाददाताओं से कहा कि इस घटना के आरोप में थाना अध्यक्ष, छह पुलिस अधिकारियों, 20 सिपाही, 10 होमगार्ड और चार हवलदारों को लाइनहाजिर कर दिया गया। उन्हें दूसरे स्थान पर स्थानांतरित कर दिया गया है।

उल्लेखनीय है कि चंडासी गांव की महिला रीना कुमारी उर्फ सुषमा की कथित हत्या के मामले की जांच की प्रगति की जानकारी लेने के लिए गांव के लोग बुधवार को थाना परिसर में डीआईजी विनीत विनायक और पुलिस अधीक्षक जितेंद्र राणा के पास पहुंचे थे। यहां स्थिति बिगड़ने पर पुलिस ने लाठीचार्ज किया जिसमें करीब एक दर्जन महिलाएं घायल हो गयी थी।

शर्मा ने कहा कि इस मामले के जांच अधिकारी पुलिस उपाधीक्षक दिलीप कुमार झा को जांच कार्य से अलग कर दिया गया है। नालंदा मुख्यमंत्री नीतीश कुमार का गृह जिला है और मीडिया में लाठीचार्ज की घटनाओं के प्रसारण के बाद यह मुद्दा सुर्खियों में आ गया था।

मुख्यमंत्री ने गुरुवार को इस मामले की जांच अपर पुलिस महानिदेशक (पुलिस मुख्यालय) को करने के निर्देश दिये थे। इस मामले का स्वत: संज्ञान लेते हुए राज्य मानवाधिकार आयोग ने भी पुलिस महानिदेशक को दो सप्ताह के भीतर जांच कर रिपोर्ट देने को कहा है।


चंडासी गांव निवासी रामबालक कुमार ने अपनी पत्नी रीना उर्फ सुषमा कुमारी की हत्या करने का आरोप थाने के सहायक अवर निरीक्षक (एएसआई) अशोक कुमार पर लगाया है। पुलिस पर उसे बचाने का आरोप लगाया है। महिला चंडासी पंचायत की ग्राम कचहरी सचिव थी।

लाठीचार्ज की घटना के बाद पुलिस प्रशासन ने इस मामले में एएसआई अशोक कुमार, पुलिसकर्मी नागेश्वर और होमगार्ड जवान विभूति झा को पहले ही निलंबित कर दिया है।

वहीं राज्य महिला आयोग की दो सदस्यों सविता नटराजन और रेणु सिन्हा ने अस्पताल में भर्ती घायल महिलाओं का हालचाल पूछा और सारे मामले की जानकारी ली। उन्होंने घटना को निंदनीय बताया। उन्होंने कहा कि जांच के बाद वे अपनी रिपोर्ट महिला आयोग की अध्यक्ष को देंगी

No comments:

Post a Comment