Sunday, July 24, 2011

Delhi Police: पंजाबी गायक सुखविंदर मान कबूतरबाजी में गिरफ्तार

दिल्ली पुलिस ने मशहूर पंजाबी गायक सुखविंदर मान उर्फ सुक्खा को गिरफ्तार किया है। उन पर आरोप है कि वह अपनी पत्नी के नाम पर किसी अन्य महिला को विदेश भेजने की कोशिश कर रहे थे। यह गिरफ्तारी अमेरिकी दूतावास की शिकायत पर की गई है।

पुलिस के मुताबिक होशियारपुर की रहने वाली एक महिला अनिता ने २००८ में अमेरिकी दूतावास में वीजा के लिए अर्जी दी थी। वीजा में इस महिला ने अपना नाम बदलकर कमलजीत कौर और पति का नाम सुखविंदर मान दर्शाया था। लेकिन दूतावास की ओर से महिला अर्जी को खारिज कर दिया था। इसके बाद महिला ने दूतावास में एक बार फिर वीजा देने की अर्जी दे दी। इस बार दूतावास की ओर से इस फर्जीवाड़े की शिकायत चाणक्यपुरी पुलिस से की गई।


पुलिस ने दूतावास की शिकायत पर कार्रवाई करते हुए महिला अनिता को गिरफ्तार कर लिया। पूछताछ के बाद इस महिला ने पुलिस को बताया कि पंजाबी पॉप गायक सुखविंदर मान ने उससे विदेश भेजने के नाम पर दो लाख रुपए लिए थे। इसके बाद उसने उसकी पत्नी कमलजीत कौर के नाम से वीजा के लिए अर्जी दी थी। इसके बाद पुलिस ने सुखविंदर को गिरफ्तार कर लिया। बताया जाता है कि सुखविंदर लंबे समय से उस्मानपुर इलाके में रह रहा है। पुलिस ने उसे जनकपुरी डिस्ट्रिक सेंटर के पास से एक गुप्त सूचना के बाद पकड़ा है। पुलिस यह जानने की कोशिश में लगी है कि वह अबतक और कितने लोगों को इस तरह से विदेश भेज चुका है।

No comments:

Post a Comment